27 नवंबर 2013

सर्दी पर 2 कुण्‍डलिया छन्‍द

सर्दी दिखलाने लगी, अब तेवर दिन रात।
बिना रजाई रात में, अब न बनेगी बात।
अब न बनेगी बात, बिना स्‍वेटर के भाई।
मफलर टाई कोट, धूप में है गरमाई।
कह ‘आकुल’ कविराय, न करती यह हमदर्दी।
खाओ पहनो गर्म, बचाती हरदम सर्दी।







हर मौसम में मधुकरी, लगती है स्‍वादिष्‍ट।
पर जाड़े में और भी, करती है आकृष्‍ट।
करती है आकृष्‍ट, साथ गट्टे की सब्‍जी।
लहसुन वाली दाल, कभी ना होए कब्‍जी।
कह 'आकुल' कविराय, माँगती पानी मन भर।
सर्दी में बदनाम, लुभाती फि‍र भी मन हर।

मधुकरी- बाटी

6 नवंबर 2013

अनगिन सपने पलने लगे

जाते ही नवरात
दीप त्‍योहारों के सजने लगे
अनगिन सपने पलने लगे

मौसम ने ली अँगड़ाई
बौछारों ने करी सफाई
पथ पगडण्‍डी गली चौक
रंग रोगन और पुताई
खुशियों के मधुमास खिले
कलियाँ चटकीं गदराई
मन मयूर नाचे तक-धिन्
भॅवरों ने पींग बढ़ाई

चौपालों में रात
ढप ढोल चंग बजने लगे
अनगिन सपने सजने लगे
  
भले रोशनी है नकली
रातों में टिम-टिम तारों सी
भले लगे दिन में वह बेदम
लटकन वन्‍दनवारों सी
पर द्वार सजे हैं हर
आशा पालव के झालर हारों सी
जहाँ झूलती संस्‍कृति और
सभ्‍यता चंचल धारों सी

गाँवों की सौगात
खेत खलिहान आज फलने लगे
अनगिन सपने पलने लगे

शहरों की दीवाली
बारूदों के बीच मनाते
गाँवों में पशुधन फसलों के
सँग सपने सहलाते
जीवन का संगीत
तीज त्‍योहारों पर भर जाते
पर शहरों के नकलीपन
जीवन का रंग मिटाते

तो भी गाँवों के हाथ
आज शहरों को बढ़ने लगे
अनगिन सपने पलने लगे।

2 नवंबर 2013

दीपावली 2013 की शुभकामनायें


दीप दीप से जब मिले, बढ़े प्रकाश अनन्‍त।                 घर घर दीप जलाइये, रोशन हो हर द्वार।
बढ़े संस्‍कृति प्रेम से, कहते नामी सन्‍त।।                    गले गले मिल जाइये, छोड़ वैर तकरार।।
कहते नामी संत, द्वेष औ वैर मिटाओ।                 छोड़ वैर तकरार मिला क्‍या है लड़ भिड़ कर।
हर उत्‍सव त्‍योहार, सिखाते मिलो मिलाओ।।              हो कर के बेचैन, जिया जीवन डर डर कर।।
कह ‘आकुल’ कविराय, रसोपल मिले सीप से।         कह ‘आकुल’ कविराय, जियो जीवन मिलजुल कर।
मन हर्षे खिल जाय, दीप जब मिले दीप से।।           श्रीगणेश कर आज, मिलो जा कर के घर घर।।