27 अक्तूबर 2010

मेरे देश में हर दिन त्‍योहार

मेरे देश में, हर दिन त्‍योहार।
दिन दूना और रात चौगुना बढ़ता जाये प्यार।
मेरे देश में, हर दिन त्यौहार।।
महक उठा मन सौंधी खु़शबू जो लाई पुरवाई।
धानी चूनर पहन खेत की, हर बाली मुसकाई।
डाली-डाली फूल खिले मौसम ने ली अँगड़ाई।
गली मोहल्‍ले घर-घर में खुशियों की बँटी मिठाई।
झूम-झूम कर नाचो आओ, गाओ मेघ मल्‍हार।
मेरे देश में, हर दिन त्‍योहार।।
आता है हर साल दशहरा, टिक्‍का, ईद, दिवाली।
क्‍वार करे कातिक का स्‍वागत, सरदी देव-दिवाली।
पौष बड़ा, मावठ फुहार, होली में मीठी गाली।
ढोल, नगाड़े, चंग, मजीरा, ढफ, अलगोजा, ताली।
घूम-घूम कर रँगो-रँगाओ, गाओ ध्रुपद धमार।
मेरे देश में, हर दिन त्‍योहार।।
आगे पीछे दौड़े आते पर्व, मनोरथ सारे।
दु:ख हल्‍के करते संस्‍कृति के ये हैं अजब सहारे।
सर्वधर्म समभाव, अतिथि देवो भव से हर नारे।
सत्‍यमेव जयते, वसुधैव कुटुम्‍बकम् के गुण न्यारे।
भूम-भूम गोपाल सजाओ, गाओ बसंत बहार।
मेरे देश में, हर दिन त्‍योहार।।
दिन दूना और रात चौगुना बढ़ता जाये प्‍यार।
मेरे देश में, हर दिन त्‍योहार।।

18 अक्तूबर 2010

पानी पानी पानी

पानी पानी पानी। अमृतधारा सा पानी।
बिन पानी सब सूना सूना, हर सुख का रस पानी।
पानी पानी पानी।
पावस देख पपीहा बोले, दादुर भी टर्राये।
मेह आओ ये मोर बुलाये, बादर घिर घिर आये।
मेघ बजे, नाचे बिजुरी और गाये कोयल रानी।
पानी पानी पानी।
रुत बरखा की प्रीत सुहानी, भेजा पवन झकोरा।
द्रुमदल झूमे, फैली सुरभि, मेघ बजे घनघोरा।
गगन समंदर ले आया, धरती को देने पानी।
पानी पानी पानी।
बाँध भरे, नदिया भी छलकीं, खेत उगाये सोना।
बाग बगीचे हरे भरे, धरती पर हरा बिछौना।
मन हुलसे, पुलकित तन झंकृत, खुशी मिली अनजानी।
पानी पानी पानी।
आकुल 18-10-2010